ऊना अस्पताल में एक अकेली महिला डाक्टर ही देख रहीं ओटी: ओपीडी
Una. ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में स्त्री रोग सेवाएं बुरी तरह से चरमरा गई है। 300 बैड के अस्पताल में मात्र एक स्त्री रोग विशेषज्ञ महिला चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रही है। अस्पताल में रोजाना 20 के करीब डिलीवरी केस व आप्रेशन भी हो रहे हैं। इसके अलावा 100 से अधिक ओपीडी हैं। ऐसे में महिला मरीजों को क्वालिटीपूर्ण चिकित्सा लाभ नहीं मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग सब कुछ जानते हुए भी समय पर व्यवस्थाएं नहीं बना पाया। अब स्वास्थ्य विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली का खामियाजा अस्पताल में जांच के लिए आने वाली सैकड़ों गर्भवती महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। गर्भवती महिलाओं को ओपीडी के बाहर पूरा दिन भूखे पेट बैठने को मजबूर होना पड़ रहा हंै। अस्पताल में सेवाएं दे रही महिलाएं चिकित्सक ओपीडी में दोपहर बाद ही पहुंच रही है। ऐसे में 30 से 35 महिलाओं को चैक करने के बाद अन्य महिलाओं को घर भेज दिया जा रहा हैं। पूरा दिन चिकित्सक का इंतजार करने के बाद भी महिलाओं को बिना जांच के घरों में लौटना पड़ रहा है। यह केवल एक दिन की बात नहीं है।